
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के विकास एवं सतत समृद्धि के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को जानसठ रोड स्थित एस.डी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में भव्य ‘वृहद रोजगार मेला-2026’ का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
नियुक्ति पत्रों का वितरण
मेले में एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एलआईसी जैसी 48 प्रतिष्ठित कंपनियों ने शिरकत की। अपराह्न 3 बजे तक कुल 2047 अभ्यर्थियों में से 1072 युवाओं का प्रारंभिक चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रभारी मंत्री डॉ. तोमर ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पिछले 9 वर्ष यूपी के लिए ‘स्वर्णयुग’ सिद्ध हुए हैं, जहां युवाओं को घर के पास ही रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
तकनीकी शिक्षा और एमओयू पर जोर
संस्थान के सचिव अनुभव कुमार व निदेशक डॉ. सिद्धार्थ शर्मा की उपस्थिति में कॉलेज ने विभिन्न कंपनियों के साथ 19 एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इससे भविष्य में छात्रों को बेहतर इंटर्नशिप और इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग मिल सकेगी।
विकास प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। परिसर में स्वास्थ्य, कृषि और गन्ना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
Post Views: 52













Total views : 247802