
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सोमवार को नवीन मंडी स्थल के सभागार में मंडी समिति के सभापति व नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें ‘दी गुड़ खाण्डसारी एण्ड ग्रेन मर्चेन्ट्स एसोसिएशन’ के अध्यक्ष संजय मित्तल ने व्यापारियों से जुड़े जीएसटी और मंडी की अव्यवस्थाओं के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
एसोसिएशन ने शिकायत की कि 2017 से किराए पर जीएसटी वसूलने के बावजूद पोर्टल पर डेटा न होने से व्यापारियों को आईटीसी का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर मंडी सचिव विरेन्द्र चन्देल ने शीघ्र डेटा अपडेट करने का भरोसा दिया। वहीं, जीएसटी आयुक्त शोभित श्रीवास्तव ने बिल की छोटी त्रुटियों पर भारी वसूली के बजाय न्यूनतम जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
वहीं, अनाज मंडी में फड़ों के निर्माण में देरी पर नगर मजिस्ट्रेट ने डी.डी.सी. सहारनपुर से फोन पर वार्ता की, जहाँ से जल्द निर्माण शुरू होने की पुष्टि हुई। बैठक में खाद्य तेलों पर यूजर चार्ज खत्म करने हेतु शासन को पत्राचार करने का भी निर्णय लिया गया। इस दौरान जीएसटी विभाग की एसी प्रतिभा सिंह सहित अधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।
Post Views: 108













Total views : 236554