
लोकपथ लाइव, शामली। कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य पाना असंभव नहीं है। उत्तर प्रदेश के शामली जिले की रहने वाली आस्था जैन ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के ताजा नतीजों में आस्था ने देश भर में 9वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन कर दिया है।


IPS ट्रेनिंग के बीच जारी रखी मेहनत:

आस्था की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि वह पहले से ही भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चुनी जा चुकी थीं। साल 2024 की परीक्षा में 131वीं रैंक हासिल करने के बाद वे वर्तमान में हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में IPS की ट्रेनिंग ले रही थीं। अपने IAS बनने के सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने ट्रेनिंग से छुट्टी ली और बिना किसी कोचिंग के, केवल सेल्फ स्टडी के दम पर दोबारा परीक्षा दी।
सेल्फ स्टडी बना सफलता का मंत्र:
आस्था ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी निरंतरता और कड़ी मेहनत को दिया है। ट्रेनिंग के व्यस्त शेड्यूल के बावजूद उन्होंने पढ़ाई के लिए समय निकाला। उन्होंने साबित कर दिया कि ऊंचे मुकाम पाने के लिए किसी महंगे कोचिंग संस्थान की नहीं, बल्कि सही दिशा और खुद पर विश्वास की जरूरत होती है। शामली में जैसे ही आस्था की सफलता की खबर पहुंची, उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिवार और क्षेत्र के लोग अपनी बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।











Total views : 233438