
वैभव सूर्यवंशी ने खेली 175 रन की ताबड़तोड़ पारी
लोकपथ लाइव, हरारे(जिम्बवाबे): भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गये फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार अंडर-19 विश्वकप का खिताब अपने नाम किया। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन की ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली। हालांकि इंग्लैंड कैलब फाल्कनर ने 67 गेंद पर 115 रनों की शतकीय पारी खेली।


जिम्ब्वाबे की राजधानी हरारे में अंडर-19 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार अंडर-19 विश्वकप का खिताब जीत लिया है। इससे पहले भारत ने साल 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में अंडर-19 विश्व कप खिताब जीता था। पिछला संस्करण 2024 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रनो का विशाल स्कोर खड़ा करके इंग्लैंड के सामने 412 रन का लक्ष्य रखा। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन रन पर सिमट गई। जबकि भारत की खताबी जीत में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में धुआंधार 175 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होने 15 चौके व 15 छक्के लगाए। सूर्यवंशी का यह स्कोर अंडर-19 विश्व कप फाइनल में किसी खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड है। इसके साथ ही वह 439 रन बनाकर टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। इसके अलावा सूर्यवंशी के नाम अब अंडर-19 क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन (71 गेंद में) बनाने का रिकॉर्ड भी है।

गेंदबाजों ने भी किया कमाल
भारतीय टीम के 411 रनों में सूर्यवंशी के अलावा टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने 51 गेंद में 53 रन बनाए. अभिज्ञान कुंडू ने 31 गेंद में 40 रन, वेदांत त्रिवेदी 36 गेंद में 32 रन, विहान मल्होत्रा ने 36 गेंद में 30 रन और कनिष्क चौहान ने 20 गेंद में नाबाद 37 रन की उपयोगी पारी खेली। इंग्लैंड के लिए जेम्स मिंटो ने तीन, सेबेस्तियन मॉर्गन और ऐलेक्स ग्रीन को 2-2 विकेट लिये। इंग्लैंड की ओर से कैलब फाल्कनर ने 67 गेंद पर 115 रनों की शतकीय पारी के अलावा बीजे डॉवकिंस ने 66 और बेन मेयस ने 45 रन की पारी खेली। भारत के लिए तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिये।










Total views : 203685