
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुजफ्फरनगर की पावन धरा से प्रदेश के विकास में बाधक बनने वाले तत्वों को कड़ा संदेश दिया। नुमाइश मैदान वृहद रोजगार मेला कार्यक्रम में उन्होंने 951 करोड़ की 423 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश सुरक्षा और सुशासन के मॉडल के साथ आगे बढ़ रहा है, तो कुछ लोग षड्यंत्र के तहत औद्योगिक अशांति फैलाने की चेष्टा कर रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे ऐसे लोगों के बहकावे में न आएं और विकास की इस यात्रा को बाधित न होने दें।


न्यूनतम मानदेय और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी
श्रमिकों के हितों पर बड़ा एलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक विशेष कॉरपोरेशन का गठन किया है, जिसकी सिफारिशें इसी माह लागू हो जाएंगी। इसके तहत आउटसोर्सिंग और सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया, “अब कोई बिचौलिया श्रमिकों के हक पर डकैती नहीं डाल सकेगा, पैसा सीधे उनके बैंक खाते में जाएगा।” यह व्यवस्था सरकारी विभागों के बाद अब औद्योगिक संस्थानों में भी लागू की जाएगी। इसके साथ ही, शिक्षकों, रसोइयों और आशा वर्करों की तरह श्रमिकों को भी ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने की योजना पर काम चल रहा है।

राष्ट्रनायक किसी जाति के नहीं होते
शुकदेव की इस धरती पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की दिव्य प्रतिमा का अनावरण करते हुए सीएम योगी ने कहा कि महापुरुषों को जाति के संकीर्ण दायरे में बांधना राष्ट्र के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रनायक वह होता है जो देश को दिशा देता है। चौधरी चरण सिंह जी, धन सिंह कोतवाल या बाबा साहेब आंबेडकर ने कभी किसी एक जाति के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के लिए बलिदान दिया।” मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में बाबा साहेब और अन्य महापुरुषों की मूर्तियों के संरक्षण के लिए सरकार बाउंड्री वॉल और छत का निर्माण कराएगी।
तकनीकी क्रांति और कानून व्यवस्था
2017 से पहले की स्थिति की तुलना करते हुए सीएम ने कहा कि पहले भर्तियों में भाई-भतीजावाद था और उद्योगों में तालाबंदी होती थी। आज स्थिति बदल चुकी है। मुजफ्फरनगर में ‘सेंटर ऑफ इनोवेशन’ के माध्यम से युवाओं को AI, रोबोटिक्स और ड्रोन टेक्नोलॉजी सिखाई जाएगी। उन्होंने गर्व से कहा कि हाल ही में भर्ती हुए 60,244 पुलिसकर्मी, जिनमें मुजफ्फरनगर और बागपत के युवाओं की बड़ी संख्या है, 20 तारीख को अपनी ट्रेनिंग पूरी कर थानों में तैनात हो जाएंगे।
इस अवसर पर केंद्र सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं उद्यमिता जयंत चौधरी, प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास कपिल देव अग्रवाल, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर, बिजनौर के सांसद चंदन चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, अध्यक्ष जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष तरुण पाल मालिक, सदस्य विधान परिषद वंदना वर्मा, विधायक राजपाल सिंह बालियान, मदन भैया, मिथिलेश पाल और अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीनाक्षी स्वरूप उपस्थित रहीं।












Total views : 276220