पेफी के संयुक्त सचिव बने चंद्रशेखर राणा, विनीत त्यागी उपाध्यक्ष


LP Live, Muzaffarnagar: फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन आफ इंडिया (पेफी) ने अपने उत्तर प्रदेश राज्य चैप्टर का पुनर्गठन किया है। इसमें खेल और शारीरिक शिक्षा विशेषज्ञ चन्द्रशेखर राणा को संयुक्त सचिव के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद की नंदिनी रावत को सचिव व मेरठ के वीनित त्यागी को उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया। चन्द्रशेखर राणा ने बताया कि राज्य चैप्टर के पुनर्गठन से उत्तर प्रदेश में फिजिकल एजुकेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने, जमीनी स्तर पर खेल गतिविधियों का विस्तार करने और राज्य के युवाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में नए कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही, संस्था का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को उभारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने का है। इस दौरान पीयूष जैन, विनीत त्यागी, नंदिनी रावत, मोहित सोनी, तरुण, आदि लोग उपस्थित रहे।

पेफी के राष्ट्रीय महासचिव पीयूष जैन ने कहा की इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में शारीरिक शिक्षा और खेलों के विकास को और अधिक सशक्त बनाना है। श्री राणा का चयन उनके खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय अनुभव और योगदान को देखते हुए किया गया है। उनकी नियुक्ति से राज्य में फिजिकल एजुकेशन और फिटनेस कार्यक्रमों को नया आयाम मिलेगा और युवाओं के बीच खेल और शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों को गति मिलेगी।
