
केंद्रीय कैबिनेट ने दी दिल्ली मेट्रो रेल परियोजना फेज-V(ए) को मंजूरी
लोकपथ लाइव, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की केंद्र सरकार ने दिल्ली मेट्रो रेल परियोजना फेज-V(ए) को मंजूरी देकर मेट्रो यात्रियों को नए साल पर सौगात दी है। केंद्रीय कैबिनेट ने यह निर्णय राष्ट्रीय राजधानी के मास रैपिड ट्रांजिट नेटवर्क के विस्तार की दिशा में लिया है।


केंद्रीय कैबिनेट की बुधवार को हुई बैठक में लिए गये निर्णयों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा और राजधानी एवं आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इस परियोजना को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। परियोजना में कुल 13 नए मेट्रो स्टेशनों का निर्माण होगा, जिनमें 10 भूमिगत और 3 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह विस्तार दिल्ली मेट्रो के मौजूदा नेटवर्क में महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी जोड़ने में मदद करेगा। केंद्रीय मंत्री वैष्णव के अनुसार इस मेट्रो परियोजना के लिए कुल 12,015 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। फेज-V (ए) विस्तार से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में लगभग 16 किलोमीटर अतिरिक्त जुड़ेंगे। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो की कुल लंबाई 400 किलोमीटर से अधिक हो जाएगी।

तीन मुख्य कॉरिडोर का होगा विस्तार
इस मेट्रो परियोजना के तहत तीन मुख्य कॉरिडोर का विस्तार होगा, जिसमें 9.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर (रामकृष्ण आश्रम मार्ग–इंद्रप्रस्थ) पर 9,570.4 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जबकि एयरोसिटी–एयरपोर्ट टर्मिनल-1 के 2.3 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर 1,419.6 करोड़ रुपये खर्च होगें। इसके अलावा तीसरे कॉरिडोर के रूप में 3.9 किलोमीटर लंबा तुगलकाबाद–कालिंदी कुंज कॉरिडोर बनेगा, जिस पर 1,024.8 करोड़ रुपये की लागत आंकी गई है। गौरतलब है कि दिल्ली मेट्रो ने बुधवार को अपने संचालन के 23 साल पूरे किए हैं। इस समय मेट्रो नेटवर्क 352 किलोमीटर से अधिक लंबा है और 10 लाइनों पर 257 स्टेशनों तक संचालित हो रही है। इसमें एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन भी शामिल है। इस विस्तार से दिल्ली में कनेक्टिविटी में सुधार, ट्रैफिक जाम में कमी और पर्यावरण के अनुकूल स्थायी शहरी परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
डीएमआरसी को आईसीआई अवार्ड
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को इंडियन कंक्रीट इंस्टीट्यूट चेन्नई द्वारा आईसीआई अवार्ड्स 2025 मिला है। यह सम्मान मौजपुर-मजलिस पार्क कॉरिडोर फेज-IV के लिए देश में उत्कृष्ट प्रीस्ट्रेस्ड कंक्रीट संरचना पुरस्कार श्रेणी में दिया गया।











Total views : 209549