
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। सीसीएस स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे मुज़फ्फरनगर प्रीमियर लीग-2 के 16वें लीग मुकाबले में रोमांच मुकाबले हुए। भवानी लायंस ने अपनी सधी हुई बल्लेबाजी और जुझारू खेल के दम पर क्रिस्टल बालाजी टाइटंस को 2 विकेट से मात देकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अंतिम ओवर तक चले इस सांस रोक देने वाले मुकाबले में विशाल सिंह चौधरी के हरफनमौला प्रदर्शन ने मैच का पासा पलट दिया।
मंगलवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी क्रिस्टल बालाजी टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 162 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज कार्तिक सिद्दू ने पिच पर टिककर बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों में 57 रनों की संयमित पारी खेली। उनके अलावा दीपक राणा ने 26 और मोहम्मद अदनान ने 21 रनों का उपयोगी योगदान दिया। भवानी लायंस के गेंदबाज विशाल सिंह चौधरी ने सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम के महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और रनों की गति पर अंकुश लगाया। 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भवानी लायंस की शुरुआत अच्छी रही। प्रतीक ने तेज तर्रार 43 रन (33 गेंद) बनाकर जीत की नींव रखी। मध्यक्रम में कप्तान हितेश शर्मा ने सूझबूझ का परिचय दिया, लेकिन असली चमक विशाल सिंह के बल्ले से देखने को मिली। विशाल ने नाबाद 52 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलकर टीम को 19.4 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 166 रनों के विजयी स्कोर तक पहुँचा दिया। क्रिस्टल बालाजी टाइटंस के गेंदबाजों ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन वे भवानी लायंस को लक्ष्य तक पहुँचने से नहीं रोक पाए। शानदार प्रदर्शन के लिए विशाल सिंह चौधरी को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।
Post Views: 55













Total views : 230247