
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। पुलिस सेवा की चुनौतीपूर्ण ड्यूटियों के बीच मानसिक शांति और शारीरिक सुदृढ़ता बनाए रखने के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित तीन दिवसीय “आर्ट ऑफ लिविंग” कार्यक्रम का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय के विशेष मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में कुल 450 प्रशिक्षु आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


3 अप्रैल से शुरू हुए इस प्रशिक्षण के अंतिम दिन आरक्षियों को योग, ध्यान और प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया गया। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन और भुजंगासन जैसे आसनों के माध्यम से शारीरिक फिटनेस के गुर सिखाए गए। समापन अवसर पर डॉ. नीलम राय ने आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस जैसे उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यक्षेत्र में मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक है, जो नियमित योग से ही संभव है। उन्होंने तनाव प्रबंधन और एकाग्रता बढ़ाने के प्रभावी उपाय साझा किए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने इस सकारात्मक पहल को जनहितकारी और प्रेरणादायक बताया।












Total views : 265765