
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की शूटिंग रेंज के प्रतिभाशाली शूटर अभिनव देशवाल ने नई दिल्ली में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में अलग-अलग स्पर्धाओं में पांच गोल्ड, दो सिल्वर और एक कांस्य पदक जीत कर शूटिंग रेंज सहित क्षेत्र का नाम रोशन किया।
विद्यालय की शूटिंग रेंज के कोच अमित कुमार धीमान ने बताया कि 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता नई दिल्ली में 11 दिसंबर से 4 जनवरी तक आयोजित हुई, जिसमें शूटिंग रेंज के शूटर अभिनव देशवाल ने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल, स्टैंडर्ड पिस्टल तथा .32 बोर पिस्टल स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। अभिनव देशवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उक्त सभी स्पर्धाओं में पांच गोल्ड, दो सिल्वर तथा एक कांस्य पदक जीतकर शूटिंग रेंज के साथ-साथ क्षेत्र का भी नाम रोशन किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग रेंज के एक अन्य शूटर युवराज सिंह ने भी राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक कांस्य पदक जीता।
इसके अतिरिक्त शूटिंग रेंज के अन्य शूटर्स नव्या जैन, शुद्रा तोमर, यामिनी तोमर, अभिनव राठी, दीया चौधरी, सम्राट सिंह, अभिनव देशवाल और युवराज सिंह ने राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया। जिसके आधार पर इन सभी शूटर्स का चयन इंडिया टीम ट्रायल के लिए हो गया है। अब ये सभी शूटर आगामी 10 जनवरी से 24 जनवरी के मध्य नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इंडिया टीम ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। कोच अमित कुमार धीमान ने बताया कि शूटिंग रेंज का प्रतिभाशाली शूटर अभिनव देशवाल इससे पहले भी जापान के टोक्यो में आयोजित समर डेफ़लिम्पिक्स प्रतियोगिता में दो गोल्ड और एक सिल्वर मैडल जीतकर भारत का नाम रोशन कर चुका है। शूटर अभिनव देशवाल का चयन नई दिल्ली में फरवरी में आयोजित होने वाली एशियाई चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है। जिसमें वह 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल एवं 10 मीटर एयर पिस्टल में प्रतिभाग करेगा।
Post Views: 202













Total views : 233386