

ममता की तृणमूल और शरद पवार की एनसीपी राष्ट्रीय पार्टी नहीं रही
LP Live, New Delhi: केंद्रीय चुनाव आयोग ने सोमवार को राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की सूची जारी की है, जिसमें अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया गया है, जिसका चुनाव चिह्न झाड़ू ही रहेगा। जबकि राष्ट्रीय दलों में शामिल ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC), शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी और सीपीआई का राष्ट्रीय स्तर का दर्जा छिन गया है।
चुनाव आयोग के अनुसार आम आदमी पार्टी को चार राज्यों दिल्ली, गोवा, पंजाब और गुजरात में उसके चुनावी प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिया गया है। अब भाजपा, कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), बहुजन समाज पार्टी, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और आप अब राष्ट्रीय दलों में शामिल हैं। जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) को नागालैंड में राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा दिया गया है। तृणमूल कांग्रेस का बंगाल और त्रिपुरा में राज्य स्तर की पार्टी का दर्जा जारी रहेगा। टिपरा मोथा पार्टी को त्रिपुरा में एक राज्य पार्टी के रूप में मान्यता मिली है।

रालोद ने गंवाया राज्य पार्टी का दर्जा
बीआरएस को आंध्र प्रदेश में एक राज्य पार्टी के रूप में अमान्य किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में जयंत चौधरी के राष्ट्रीय लोक दल का एक राज्य पार्टी का दर्जा वापस ले लिया है। रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी को पश्चिम बंगाल में एक राज्य पार्टी के रूप में अमान्य किया। मेघालय में वॉइस ऑफ द पीपुल पार्टी को राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता मिली है।
