
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर, 07 नवंबर 2026: दीपावली पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर जिले में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुनील तेवतिया ने जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने के सख्त आदेश जारी किए हैं। त्योहार के दौरान आतिशबाजी या किसी अन्य घटना में आग से झुलसने वाले मरीजों को तत्काल और बेहतर इलाज देने के लिए व्यवस्था बनाई गई है। इसके तहत प्रत्येक सीएचसी पर 4-4 बेड और जिला चिकित्सालय में 10 बेड विशेष रूप से आरक्षित किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को भटकना न पड़े।
स्वास्थ्य तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने इमरजेंसी वार्ड, दवाओं की उपलब्धता और बर्न यूनिट का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद सीएचसी जानसठ समेत अन्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी देखा गया। सीएमओ ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देश दिए कि अस्पताल में आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं, ड्रेसिंग सामग्री और पर्याप्त मेडिकल स्टाफ की तैनाती हर हाल में सुनिश्चित रहे।
स्वास्थ्य विभाग की आमजन से अपील: मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से दीपावली का त्योहार सावधानीपूर्वक मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी करते समय बच्चों के साथ बड़े मौजूद रहें और पटाखे हमेशा खुले स्थान पर ही जलाएं। ज्वलनशील कपड़ों और पदार्थों से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति के लिए पास में पानी की बाल्टी और प्राथमिक उपचार किट जरूर रखें। यदि कोई व्यक्ति जल जाता है तो तुरंत ठंडे बहते पानी का प्रयोग करें; जले स्थान पर घी, तेल, बर्फ या टूथपेस्ट बिल्कुल न लगाएं। इसके अलावा, वायु और ध्वनि प्रदूषण से बचने के लिए तेज आवाज व धुएं वाले पटाखों से परहेज करने, खानपान में संयम बरतने और बुजुर्गों व सांस के मरीजों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
Post Views: 66











Total views : 449413