
लोकपथ लाइव, मुजफ्फरनगर: श्री राम ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंधन विभाग (एमबीए) में विद्यार्थियों की प्रतिभा और विश्लेषणात्मक क्षमता को निखारने के उद्देश्य से ‘मैनेजमेंट माइंड स्पार्क-2026’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ आमंत्रित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार वशिष्ठ, उप प्राचार्य डॉ. सौरभ मित्तल, श्री राम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की डीन डॉ. सुचित्रा त्यागी, वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अशफाक अली, प्रबंधन संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार, व्यवसाय एवं प्रबंधन विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक त्यागी तथा मानव संसाधन विभाग के प्रबंधक अतुल रघुवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे और छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
ज्ञान और विश्लेषणात्मक चिंतन का हुआ परीक्षण
आयोजित प्रतियोगिता में एमबीए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों ने प्रबंधन (मैनेजमेंट) एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े विविध और गूढ़ विषयों पर आधारित प्रश्नों के सटीक एवं त्वरित उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता (क्विज) के माध्यम से छात्रों के विषय ज्ञान, योग्यता, विश्लेषणात्मक चिंतन, रचनात्मक संचार कौशल और आत्मविश्वास का बारीकी से आकलन किया गया।
कड़े मुकाबले में श्रेया शर्मा बनीं विजेता
कुल पांच चुनौतीपूर्ण चरणों में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच कांटें की टक्कर देखने को मिली। सभी चरणों में अपनी मेधा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्रेया शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं आकांक्षा त्यागी द्वितीय तथा मुस्कान तृतीय स्थान पर रहीं।
व्यवहारिक ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता पर जोर
कार्यक्रम समन्वयक मिस निवेदिता चतुर्वेदी के मार्गदर्शन व सानिध्य में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सफल कॉर्पोरेट या प्रबंधन पेशेवर बनने के लिए केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है। आज के बदलते और चुनौतीपूर्ण व्यावसायिक परिवेश की व्यावहारिक समझ, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और निरंतर नया सीखने की ललक अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में प्रबंधन विभाग के राजीव रावल, डॉ. सोमनाथ भट्टाचार्य, डॉ. चित्रा श्रीवास्तव, मिस राधिका तथा मिस रीतिका माहेश्वरी का विशेष योगदान रहा।
Post Views: 87












Total views : 440500