
परिवहन विभाग, स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन ने चलाया संयुक्त अभियान
LP Live, Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सुदृढ़ कानून व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा के लिए अनधिकृत ऑटो व ई-रिक्शा के खिलाफ पहली अप्रैल से 30 अप्रैल तक सभी 75 जनपदों में चलाए गए अभियान का काफी सकारात्मक असर देखने को मिला। मसलन इस दौरान प्रदेश में 36 हजार से अधिक चालान किये गये और 11 हजार से अधिक वाहन सीज किये गये।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के उपरांत प्रदेशभर में अवैध ई-रिक्शा पर कार्रवाई की गई। इस एक माह के अभियान में 3784 अपंजीकृत ई-रिक्शाओं और 32989 अन्य अभियोगों समेत कुल 36773 किये गये। जबकि 11425 वाहन सीज किए गए। वहीं सुरक्षा के दृष्टिगत इस अभियान को एक तरफ जहां आमजन का समर्थन मिला, जिसमें नाबालिगों के हाथों से ई-रिक्शा की कमान भी छुड़वाई गई। परिवहन विभाग, स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन के संयुक्त नेतृत्व में पूरे माह तक जागरूकता अभियान भी चलाया गया। सुगम यातायात व सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो, इसके लिए चालकों को जागरूक भी किया गया। अभियान के दौरान नागरिक सुरक्षा व कानून व्यवस्था पर भी पूरा जोर रहा।

आगरा संभाग में सर्वाधिक चालान
प्रदेश में इस अभियान के नोडल अधिकारी व अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) संजय सिंह ने पूरे माह के अभियान की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि आगरा संभाग में सर्वाधिक 3684 अवैध रिक्शा चालान किये गये, जबकि 3276 चालान के साथ लखनऊ दूसरे पायदान पर रहा। इसके बाद कानपुर संभाग में 2643, बांदा में 2484, गाजियाबाद में 2389, मेरठ में 2382, प्रयागराज में 2240, मुरादाबाद में 2170, वाराणसी में 2045, अयोध्या में 1993, सहारनपुर में 1799, बरेली में 1714, अलीगढ़ में 1511, गोरखपुर में 1342, गोंडा में 1276, आजमगढ़ में 1257, मीरजापुर में 1033, झांसी में 787 और बस्ती संभाग में 748 चालान किये गये।
मुजफ्फरनगर समेत ये 15 जिले रहे टॉप
प्रदेश में अवैध ऑटो व ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान के दौरान टॉप 15 जिलों में आगरा जिला सबसे ऊपर रहा, जहां 1804 वाहनों पर चालान व सीज करने की कार्रवाई की गई। इसके बाद मेरठ में 1527, लखनऊ में 1420, मथुरा में 1152, महोबा में 1114, कानपुर नगर में 1053, हापुड़ में 1033, प्रयागराज में 991, वाराणसी में 936, बागपत में 855, सहारनपुर में 755, मुजफ्फरनगर में 755, मुरादाबाद में 731, बांदा में 667 और अलीगढ़ जिलें में 588 वाहनों के चालान व सीज करने की कार्रवाई की गई।
-वर्जन
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिया था कि सुगम यातायात व आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत पहली से 30 अप्रैल तक अभियान चलाया जाए। अभियान चलाकर अवैध ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग, जिला व पुलिस प्रशासन के संयुक्त देखरेख में चले अभियान में आमजन को काफी सहयोग मिला। अभियान के उपरांत भी मुख्यमंत्री जी के निर्देशों का पालन करते हुए निरंतर नजर रखी जाएगी कि नाबालिगों के हाथों में ई-रिक्शा की कमान न हो। मुख्यालय से निरंतर इसकी मॉनीटरिंग जारी रहेगी। एक माह तक चला अभियान सफल रहा।
-बृजेश नारायण सिंह, परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश











Total views : 91226