मुज़फ्फरनगर के 193 प्राइमरी स्कूल बने निपुण, शाहपुर के स्कूल सबसे कम
दिसंबर और फरवरी में हुआ था निपुण असेस्मेंट सर्वे


LP Live, Muzaffarnagar:
दिसंबर और फरवरी में हुए निपुण असेसमेंट सर्वे का परिणाम घोषित हो गया है। मुज़फ्फरनगर के सिर्फ 193 विद्यालय ही निपुण घोषित हो पाए हैं, जबकि जिले में 514 प्राइमरी विद्यालयों का निपुण असेसमेंट सर्वे कराया गया था। इसमें खतौली में सबसे ज्यादा विद्यालय निपुण घोषित हुआ है और शाहपुर सबसे कम निपुण विद्यालय वाला ब्लॉक रहा।

जनपद में विद्यालयों को निपुण बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। दिसंबर 2024 में निपुण आंकलन के फेज वन में 113 विद्यालयों को शामिल किया था। उसके बाद 17 से 28 फरवरी के बीच डायट के डीएलएड प्रशिक्षुओं के माध्यम से 401 विद्यालयों का निपुण टेस्ट कराया गया। आकलन में वें स्कूल शामिल किए गए थे, जहां पर कक्षा में दस या उससे अधिक बच्चे शामिल थे। डायट प्रशिक्षुओं की टीम ने स्कूलों में जाकर सर्वे किया। उसके बाद निपुण सर्वे को एप पर लोड किया था। परियोजना कार्यालय से 193 निपुण विद्यालयों की सूची जारी कर दी गई है। निपुण हुए स्कूलों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षकों को पुरस्कृत करने की तैयारी है। शिक्षकों व स्टाफ के सम्मान समारोह के लिए बजट भी जारी किया जाएगा। डायट प्राचार्य संजय रस्तौगी ने बताया कि छात्र-छात्राओं का भाषा और गणित का टेस्ट दूसरे सर्वे में लिया गया था।
ब्लाक वार निपुण हुए विद्यालयों की सूची
ब्लाक सर्वे निपुण विद्यालय
बघरा 48 23
बुढ़ाना 78 33
चरथावल 46 10
जानसठ 56 14
खतौली 74 43
मोरना 61 27
नगरक्षेत्र 14 11
पुरकाजी 38 13
सदर 60 13
शाहपुर 39 06
