उत्तर प्रदेशकरियरट्रेंडिंगदेशराजनीति

सीएम योगी ने किया उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का शुभारम्भ

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने दी यूपी दिवस की बधाई

डॉ. ऋतु करीधल श्रीवास्तव और नवीन तिवारी को मिला उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान
LP Live, Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध शिल्पग्राम से सातवें उत्तर प्रदेश दिवस का शुभारम्भ किया। वहीं उन्होंने उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2023-24 का वितरण और ओडीओपी उत्पादों की ई-मार्केटिंग के लिए ‘ओडीओपी मार्ट पोर्टल’ की लॉन्चिंग भी की। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने यूपी दिवस की बधाई दी है।

लखनऊ में बुधवार को अवध शिल्पग्राम से सातवें उत्तर प्रदेश दिवस का शुभारम्भ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतरने का एक सशक्त माध्यम बना है। वर्ष 2018 में आज ही के दिन हमारी सरकार ने एक जिला एक उत्पाद योजना का शुभारंभ किया था, जो आज उत्तर प्रदेश को एक नई पहचान दिला रहा है। इस कार्यक्रम के परिणाम स्वरुप यूपी का निर्यात 86 हजार करोड़ से बढ़कर आज 2 लाख करोड़ रुपए का हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई यूनिट क्रियाशील हैं, जिन्होंने कोरोना कालखंड में दूसरे प्रदेश से वापस आए उत्तर प्रदेश के 40 लाख लोगों को रोजगार दिया। हमारी सरकार प्रदेश की एमएसएमई यूनिट को किसी दुर्घटना या आपदा पर पांच लाख रुपए का सुरक्षा बीमा कवर उपलब्ध करा रही है।

इन्हें मिला उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान
इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने लखनऊ की रहने वाली वैज्ञानिक डॉ. ऋतु करीधल श्रीवास्तव और कानुपर के नवीन तिवारी को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान सम्मानित किया। डॉ. ऋतु ने भारत के मार्स से ऑर्बिटर मिशन और चंद्रायन के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह इस मिशन की उप संचालन निदेशक भी थीं। डॉ. ऋतु 1997 से इसरो के लिए काम कर रही हैं। वहीं नवीन तिवारी ने दुनिया में सबसे बड़ा स्वतंत्र मोबाइल एडटेक प्लेटफॉर्म स्थापित किया है, जो उत्तर प्रदेश और भारत के स्थानीय व्यवसायों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय दर्शकों से जोड़ता है। उनका लॉक स्क्रीन सॉफ़्टवेयर वैश्विक स्तर पर 40 करोड़ से अधिक स्मार्टफोन पर मौजूद है। उद्यमी नवीन ने भारत को विश्व मंच पर स्थापित करने के साथ ही 26 देशों में उपस्थिति दर्ज की है। साथ 3000 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार दिया जबकि हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार दिया है।

कलाकारों ने दी प्रस्तुति
यूपी दिवस कार्यक्रम में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत गुजरात, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, हरियाणा, सिक्किम एवं गोवा के कलाकारों द्वारा लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। साथ ही बुंदेलखंड, अवध, पूर्वांचल एवं ब्रज क्षेत्र के कलाकारों ने राम पर लोक गायन प्रस्तुत किया। इसके अलावा श्रीरामोत्सव-2024 के अंतर्गत भक्ति संगीत भी आयोजित हुआ।

प्रदर्शनी का शुभांरभ
सीएम योगी ने दीप प्रज्वलित कर उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शिल्प मेला एवं विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी लगाए उद्यमियों से बातचीत की और उनका हाल जाना। साथ ही उन्होंने राज्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम पुरस्कार, विशिष्ट हस्तशिल्प प्रादेशिक पुरस्कार, संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार, उत्तर प्रदेश संस्कृति उत्सव के विजेता और पर्यटन पुरस्कार के तहत कई लोगों को पुरस्कृत किया। इसके अलावा सीएम योगी ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान के अंतर्गत टूलकिट और ओडीओपी टूलकिट का भी वितरण किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स के माध्यम से बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। देश में सबसे अधिक आबादी वाला यह राज्य भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह राज्य और यहां के निवासी सदा विकास के पथ पर अग्रसर रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘अध्यात्म, ज्ञान और शिक्षा की तपोभूमि उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं दी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक्स पर लिखा कि ‘संस्कृति, अध्यात्म व विरासत की पुण्यभूमि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button