उड़ीसाउत्तर प्रदेशजम्मू-कश्मीरझारखंडदिल्ली-एनसीआरदेशपश्चिम बंगालबिहारराजनीतिहरियाणा

लोकसभा चुनाव: छठे चरण में आठ राज्यों की 58 सीटों पर 59.16 प्रतिशत फीसदी मतदान

पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक प्रतिशत व जम्मू कश्मीर में सबसे कम वोटिंग दर्ज

जम्मू कश्मीर की राजौरी-अनंतनाग में 35 साल बाद 50 प्रतिशत से ज्यादा हुआ मतदान
LP Live, New Delhi:लोकसभा चुनाव के छठे चरण 8 राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों की इन 58 सीटों पर शनिवार को हुए चुनाव में 59.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। सबसे अधिक पश्चिम बंगाल में 78.19 प्रतिशत तथा सबसे कम 52.28 प्रतिशत जम्मू कश्मीर में वोट डाले गये। इस चरण में 94 महिलाओं और एक थर्ड जेंडर समेत 889 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है, जिनमें चार केंद्रीय मंत्री, तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के अलावा कई पूर्व मंत्रियों के अलाव फिल्म और संगीत जगत के दिग्गज भी शामिल हैं।

किस राज्य में कितना हुआ मतदान
देश में लोकसभा की 543 सीटों में से 429 सीटों पर पांच चरण में मतदान हो चुका है, जिसके पहले चरण में 66.14 प्रतिशत, दूसरे चरण में 66.71, तीसरे चरण में 65.68, चौथे चरण में 69.16 तथा पांचवे चरणें में 62.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शनिवार को छठे चरण में 58 सीटों पर पांच बजे तक 57 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें बिहार में 53.30 प्रतिशत, हरियाणा में 58.37 प्रतिशत, जम्मू और कश्मीर में 52.28 प्रतिशत, झारखंड में 62.74 प्रतिशत, दिल्ली में 54.48 प्रतिशत, ओडिशा में 60.07 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 54.03 प्रतिशत तथा पश्चिम बंगाल में 78.19 प्रतिशत मतदान हुआ। इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक मतदाता थे, जिनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5120 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। छठे चरण के लिए सभी 58 सीटों पर 85 वर्ष से अधिक आयु के कुल 8.93 लाख से अधिक मतदाता है।

इन वीवीआईपी ने डाला वोट
दिल्ली में राष्पति द्रोपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड व उनकी पत्नी, पूर्व राष्ट्रपति, मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार समेत कई वीवीआईपी मतदाताओं ने अपना मतदान किया। इससे पहले कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा व बेटी मिराया वाड्रा ने वोट डाला। मिराया ने पहली बार मतदान किया। वहीं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, विदेश मंत्री एस. जयाशंकर, भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, पूर्व सांसद एवं पूर्व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी गौतम गंभीर और कपिल देव, दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर और भाजपा के सभी सातों उम्मीदवारों बांसुरी स्वराज, हर्ष मल्होत्रा, प्रवीण खंडेलवाल, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत और मनोज तिवारी सहित भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कई अन्य नेताओं ने भी अपने-अपने पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया।

तीन पूर्व सीएम और चार केंद्रीय मंत्रियों का सियासी भविष्य होगा तय
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में हरियाणा की गुडगांव लोकसभा सीट पर केंद्रीय योजना, सांख्यिककी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह, फरीदाबाद सीट से केंद्रीय ऊर्जा और भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के अलावा ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान तथा पश्चिम बंगाल की बांकुरा लोकसभा सीट से केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री डा. सुभाष सरकार की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। वहीं जिन तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों की इस चुनावी संग्राम में अग्नि परीक्षा होनी है, उनमें हरियाणा की करनाल लोकसभा सीट से भाजपा के मनोहरलाल खट्टर, जम्मू कश्मीर की राजौरी-अनंतनाग सीट से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और यूपी की डुमरियागंज सीट से भाजपा के जगदंबिका पाल शामिल है।

इन दिग्गजों की किस्मत भी हुई ईवीएम मे कैद
छठे चरण में यूपी की सुल्तानपुर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, बिहार की पूर्वी चंपारण से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह, हरियाणा की सिरसा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, हिसार से हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री रणजीत चौटाला सियासी साख भी दांव पर लगी है। वहीं सियासी प्रतिष्ठा के लिए राष्ट्रीय राजधानी की उत्तर पूर्व दिल्ली सीट से भाजपा प्रत्याशी भोजपुरी गायक मनोज तिवारी और कांग्रेस के कन्हैया कुमार, नई दिल्ली सीट से भाजपा की बांसुरी स्वराज, उत्तर पश्चिम दिल्ली से कांग्रेस के उदित राज, हरियाणा की गुडगंव से फिल्म अभिनेता राजबब्बर, यूपी की आजमगढ़ सीट से भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, बिहार की सिवान सीट से बाहुबली शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब, हरियाणा की हिसार सीट से जेजेपी की नैना चौटाला और इनेलो की सुनैना चौटाला, रोहतक से कांग्रेस के दीपेन्द्र हुड्डा व भाजपा के अरविंद शर्मा, झारखंड रांची सीट से भाजपा के संजय सेठ, ओडिशा की पुरी सीट से भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा, कटक से बीजद छोड़कर भाजपा प्रत्याशी बने भृतहरि महताब और भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी जैसे दिग्गज चुनावी मैदान में हैं। दक्षिणी दिल्ली सीट से बाल्टी चुनाव चिन्ह पर बिहार निवासी एक थर्ड जेंडर राजन सिंह भी अपनी किस्मत आजमा रहा है।

मतदान केंद्र पर पहले पुरुष मतदाता बने जयशंकर
नई दिल्ली के जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से एस. जयशंकर को उस पोलिंग स्टेशन पर पहले पुरुष मतदाता बनने पर सर्टिफिकेट भी दिया गया। इसमें बताया गया कि नई दिल्ली के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र-04 को पोलिंग स्टेशन नंबर- 53 में एस. जयशंकर वोट करने वाले पुरुष मतदाता थे। खुद केंद्रीय मंत्री ने सर्टिफिकेट के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट की है।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button