

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को भेजा इस्तीफे में कहा कि सनातन विरोधी नारे नहीं लगा सकता
LP Live, New Delhi: लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान के तहत कांग्रेस को झटके पर झटके लगते जा रहे हैं। एक दिन पहले मुक्केबाज विजेंदर सिं ने कांग्रेस का चुनाव प्रचार करने के बाद भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस को अलविदा करते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
लोकसभा चुनाव के दौरान गौरव वल्लभ के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका माना जा रहा है। गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में गौरव वल्लभ को भाजपा महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई।। भाजपा में शामिल होने से पहले गौरव वल्लभ ने कांग्रेस पार्टी के सभी पदों और सदस्यता से यह कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि वह सनातन विरोधी नारे नहीं लगा सकते तथा ‘वेल्थ क्रिएटर्स’ (पूंजी का सृजन करने वालों) को गाली नहीं दे सकते।

कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा इस्तीफा
भाजपा का दामन थामने से पहले वल्लभ ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखने के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी साझा किया। त्यागपत्र में उन्होंने कहा कि पार्टी जिस तरह से दिशाहीन होकर आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए वह खुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहे थे। वल्लभ ने कहा कि वह न तो सनातन विरोधी नारे लगा सकते हैं और न ही सुबह शाम वेल्थ क्रिएटर्स को गाली दे सकते हैं। इसलिए वह पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हैं।
