उत्तर प्रदेशराजनीति

यूपी विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू

सर्वदलीय बैठक: विपक्षी दलों से सदन की मर्यादा में मुद्दे उठाने पर बल

राज्यपाल आनंदी बेन के अभिभाषण के साथ होगी सत्र की शुरुआत
LP Live, Lucknow: उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने 20 फरवरी सोमवार से शुरु हो रहे विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही को सुचारु रुप से चलाने के लिए एक सर्वदलीय बैठक में सभी दलों से सहयोग का आग्रह किया।

रविवार को विधानसभा भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि सभी के सहयोग से ही सदन चलता है और सकारात्मक वातावरण में तार्किक, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संसदीय परम्परा के अनुसार सत्र की शुरुआत कल 20 फरवरी, 2023 को राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से होगी। इस सत्र में वर्ष 2023-24 का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कोविड जैसी महामारी से उबरकर प्रदेश के विकास के लिए समग्र योजना की दृष्टि से यह सत्र अत्यन्त महत्वपूर्ण साबित होगा।

जन कल्याण के मुद्दों पर हो चर्चा
मुख्यमंत्री योगी ने सत्र के सुचारु संचालन में सत्ता पक्ष के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सदन की उच्च गरिमा और मर्यादा को बनाए रखते हुए गम्भीर चर्चा को आगे बढ़ाने से लोकतंत्र के प्रति आमजन की आस्था बढ़ती है। प्रदेश सरकार राज्य के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। विधान सभा में सकारात्मक माहौल में चर्चा होनी चाहिए। संसदीय परम्पराओं का पालन करते हुए सभी सदस्यों को अपने सुझावों एवं मुद्दों को सदन में रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बड़े विश्वास के साथ सदस्यों को देश की सबसे बड़ी विधान सभा में चुनकर भेजा है। जनता के विश्वास पर खरा उतरना सभी सदस्यों का कर्तव्य है। कोरोना काल खण्ड में प्रदेश विधान सभा के सत्र संचालन में सभी सदस्यों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। परिणामस्वरूप पूरे देश में प्रदेश विधान सभा की गरिमा बढ़ी और सदस्यों के सम्मान में वृद्धि हुई।

विपक्ष का सहयोग देने का आश्वासन
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि पक्ष एवं विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है। सभी दलों ने सदन की कार्यवाही के निर्बाध संचालन में सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। यह एक अच्छी परम्परा है। बैठक में समाजवादी पार्टी के मनोज कुमार पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल सिंह बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर, निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल के अनिल कुमार त्रिपाठी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना‘, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह तथा बहुजन समाज पार्टी के उमाशंकर सिंह ने अपने-अपने दलों की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button