उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

यूपी: राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरु हुआ विधानसभा का बजट सत्र

उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचा मजबूत होने के साथ परिवहन व्यवस्था में सुधार: राज्यपाल
LP Live, Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत मंगलवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण से हुई। राज्यपाल ने विधानसभा और विधान परिषद की संयुक्त बैठक में प्रयागराज के दिव्य-भव्य महाकुम्भ का विशेष उल्लेख करते हुए इसे एक भारत, श्रेष्ठ भारत की अवधारणा को साकार होना बताया। वहीं उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का भी जिक्र किया।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने अपने अभिभाषण में महाकुंभ की ऐतिहासिक उपलब्धियों का जिक्र करने के साथ मौनी अमावस्या पर घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर शोक प्रकट किया असमय काल-कवलित हुए लोगों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं उन्होंने महाकुम्भ प्रयागराज 2025 के शुभ अवसर पर पावन त्रिवेणी तट पर 22 जनवरी, 2025 को मंत्रिपरिषद् की ऐतिहासिक बैठक को एक महत्वपूर्ण पहल करार दिया।

यूपी की कानून व्यवस्था पर जताया संतोष
राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर कहा कि योगी सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण व सुधार करते हुए उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को नजीर के रूप में प्रस्तुत किया है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई और कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग के स्तर व गुणवत्ता में नियमित एवं समयबद्ध रूप से सुधार किए। इसकी मदद से प्रदेशवासियों को अपराधमुक्त एवं भयमुक्त वातावरण देकर रामराज्य की संकल्पना को साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 व भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 को 01 जुलाई, 2024 से सफलतापूर्वक लागू कर दिया गया है, जिसमें अब तक लगभग 02 लाख 50 हजार से अधिक मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण का मिला बल
राज्यपाल ने कहा कि हिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए विभिन्न अभियान जैसे मिशन शक्ति-5.0, ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन शील्ड, ऑपरेशन डिस्ट्रॉय, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन खोज, ऑपरेशन ईगल, ऑपरेशन रक्षा इत्यादि सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत सभी थानों में अब तक 11 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा वर्ष 2017 के बाद विभिन्न पदों पर 01 लाख 56 हजार से अधिक भर्ती की गईं तथा 01 लाख 49 हजार से अधिक कर्मियों को प्रोन्नति प्रदान की गई है। वर्तमान में अराजपत्रित श्रेणी के 92 हजार 919 पदों पर भर्ती हेतु कार्यवाही प्रचलित है।

हाईवे, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने प्रदेश में सुदृढ़ हुई कनेक्टिविटी का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, देश में एक्सप्रेसवे प्रदेश के रूप में भी जाना जाता है। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा निर्मित चार बड़े एक्सप्रेस-वे (यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे) संचालित हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश का सबसे लम्बा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे निर्माणाधीन है। देश के कुल एक्सप्रेस-वे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की सर्वाधिक हिस्सेदारी है।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button