यूपी: बस्ती में शुरु हुआ सांसद खेल महाकुम्भ
सीएम योगी ने किया शुभारम्भ, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी हुए शामिल


सांसद खेल महाकुम्भ के तीसरे संस्करण में शामिल साढे़ तीन लाख खिलाड़ी
LP Live, Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बस्ती में शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद खेल महाकुम्भ के शुभारम्भ किया। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा भी शामिल हुए।
समारोह में बोलते हुए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने अब तक 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है। इनमें डिप्टी एसपी व नायब तहसीलदार के पद भी शामिल हैं। पुलिस विभाग में अलग-अलग श्रेणियों में भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। खिलाड़ियों के लिए 500 नये पद निकल रहे हैं। राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए भर्ती में 02 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। जो खिलाड़ी ओलम्पिक खेल, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, विश्व चैम्पियनशिप या फिर नेशनल गेम्स में मेडल प्राप्त करेगा, उसको सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था प्रदेश सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महाकुम्भ प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में आयोजित हो रहे हैं। इन प्रतियोगिताएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने खेलो इण्डिया कार्यक्रम, फिट इण्डिया मूवमेंट, सांसद खेल प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से खेलां को प्रोत्साहित करने का कार्य किया है।

नौजवानों में दिख रहा है भारत का प्रतिबिंब: नड्डा
सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि नये भारत का प्रतिबिम्ब बस्ती के नौजवानों में दिख रहा है। सांसद खेल महाकुम्भ के पहले साल एक लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था और अब तीसरे साल साढे़ तीन लाख खिलाड़ी इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं। विगत 09 वर्षां में आयोजित हुए ओलम्पिक खेलों, एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा जीते गये पदकों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में खेलों के लिए 1,219 करोड़ रुपये का बजट था, जबकि वर्ष 2023 में 3,397 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था गयी है। लक्ष्य ओलम्पिक पोडियम स्कीम लायी गयी। खिलाड़ियों के लिए विदेशों में ट्रेनिंग की व्यवस्था की गयी तथा विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले संसाधनों की उपलब्धता करायी गयी। नड्डा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा खिलाडियों के लिए 50 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेन्ड की व्यवस्था की गयी है। विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण देने के लिए 08 हजार कोच की व्यवस्था की गयी, जिसमें 05 हजार पुरूष तथा 03 हजार महिलाएं हैं। 34 कोचिंग सेण्टर बनाये गये। खेलो इण्डिया कार्यक्रम के अन्तर्गत ढाई हजार खिलाड़ियों के लिए 01 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गयी। 820 खेल सेंटर बनाये गये, जिसमें से 80 उत्तर प्रदेश में हैं। स्किल इण्डिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति भारत को मजबूती प्रदान कर रही हैं।
सत्ताइस खेल स्पर्धाएं
प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार में खेल और खिलाड़ियों की सुविधाओं में वृद्धि हुई है। अतिथियों का स्वागत करते हुए स्थानीय सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से ग्रामीण पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य इस आयोजन के माध्यम से किया जा रहा है। इसमें 27 प्रकार के खेल आयोजित किए जाते हैं। 08 दिन तक ब्लॉक स्तरीय खेल आयोजित होते हैं। इसके अलावा निबन्ध, चित्रकला की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी, परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व खिलाड़ी उपस्थित थे।
