यूपी: अनधिकृत ई-रिक्शा के खिलाफ तेज हुआ अभियान
अभियान में ढ़िलाई पर मुजफ्फरनगर व शामली समेत 20 जनपदों को नोटिस


18816 वाहनों का हुआ चालान व 6662 वाहनों को किया बंद
अलीगढ़ व आगरा मंडल में सर्वाधिक वाहनों के हुए चालान
LP Live, Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नागरिक सुरक्षा और सुगम यातायात के मद्देनजर परिवहन विभाग की तरफ से एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक अवैध ई-रिक्शाओं के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन आयुक्त ने इस अभियान के 16 दिन की समीक्षा की। इसमें सर्वश्रेष्ठ योगदान देने वाले जनपदों व न्यूनतम योगदान देने 20 जनपदों की सूची तैयार की गई है। न्यूनतम प्रदर्शन करने वाले जनपदों को कारण बताओ नोटिस भी जारी की गई है।
अभियान के नोडल अधिकारी व अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) संजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर यह अभियान पहली अप्रैल से निरंतर चल रहा है। इसकी शासन स्तर से मॉनीटरिंग भी की जा रही है। अभियान की गति जिन जनपदों में धीमी है, वहां के अफसरों को नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया गया है। प्रदेश में शहरों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में अनाधिकृत वाहनों पर लगाम कसने के लिए एक अप्रैल से जारी इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों में बरेली, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, फिरोजाबाद, बाराबंकी, एटा, कानपुर देहात, बहराइच, चंदौली, संत रविदास नगर, चित्रकूट, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, गाजीपुर व हमीरपुर में अभियान की स्थिति काफी अच्छी है। अमरोहा, कासगंज, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर, मऊ, इटावा, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, श्रावस्ती, झांसी, संतकबीरनगर, बस्ती, शामली, महराजगंज, देवरिया, हाथरस व ललितपुर के परिवहन अधिकारियों को नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया गया है।

अभियान की स्थिति
इस अभियान में अभी तक 18,816 चालान किये गये हैं, जिनमें 16,500 वाहनों का अन्य अभियोगों में चालान किया गया है। वहीं 2316 अपंजीकृत ई रिक्शाओं के चालन किये गये और 6662 सीज कर बंद किये गये हैं। 17 अप्रैल (गुरुवार) को एक दिन में 469 वाहन सीज किए गए, जबकि 1294 वाहनों का चालान किया गया। इनमें संभाग अलीगढ़ में सर्वाधिक 33 वाहन सीज किये और 173 वाहनों का चालान किया गया। जबकि आगरा 59 वाहन सीज और 159 चालान हुए। इसी प्रकार तीसरे पायदान पर लखनऊ संभाग रहा, जहां 45 वाहन सीज और 122 वाहनों के चालान किये गये। सहारनपुर में यह आंकडा 11 और 115 के अलावा कानपुर में 34 तथा 106 का रहा है। अन्य सभी संभागों में यह संख्या तिहाई के अंक तक नहीं पहुंच सकी।
—–
वर्जन
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिया था कि सुगम यातायात व आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत पहली से 30 अप्रैल तक अभियान चलेगा। इस क्रम में अवैध ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अभियान की समीक्षा की गई, जिन जनपदों में अभियान को लेकर स्थिति कमजोर है, वहां के अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है। वहीं अभियान को लेकर सजगता बरतने वाले अधिकारियों की हौसलाअफजाई भी की गई है। परिवहन, जनपद व पुलिस प्रशासन के संयुक्त देखरेख में अभियान निरंतर चल रहा है।
–बृजेश नारायण सिंह, परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश
