हरियाणा

कुरुक्षेत्र में शुरू हुआ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरस मेले के उद्घाटन कर किया आगाज

LP Live, Kurukshetra: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को मंत्रोच्चारण के बीच कुरुक्षेत्र में सरस मेले के उद्घाटन किया। इसी के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया।

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर है, जब ढोल-नंगाड़ों, शिल्पकारों और कलाकारों के अद्भुत संगम के बीच छह दिसंबर तक चलने वाले सरस मेले की इतनी सुंदर और भव्य शुरूआत हो रही है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति पर पुष्प अर्पित किए और दीप प्रज्जवलित कर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज किया। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर के तट पर बनी दुकानों में लगे सरस मेले का अवलोकन किया। इस मौके पर थानेसर के विधायक सुभाष सुधा, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव विजय सिंह दहिया, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा व अन्य वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य मौजूद रहे।

गीता का संदेश आज भी प्रासांगिक
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव इसलिए भी ऐतिहासिक है, कि हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र की भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का ज्ञान दिया था। यह गीता ज्ञान उस वक्त जितना उपयोगी था, आज भी उतना ही उपयोगी और प्रासांगिक है। गीता का यह संदेश युगों-युगों तक याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता महोत्सव न केवल कुरुक्षेत्र की भूमि पर बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर भी मनाया जा रहा है।

देश और विदेशों से आएंगे पर्यटक
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश और विदेश से लोग अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहुंचेंगे। कोरोना के बाद महोत्सव में रोनक वापस लौटी है। महोत्सव में विभिन्न प्रांतों से कलाकार, शिल्पकार, कारीगर व सामान बेचने वाले स्वयं सहायता समूह महोत्सव में पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार हरियाणा के हैंडीक्राफ्ट बनाने वालों के लिए अलग स्टॉल की व्यवस्था की गई है, जो विदेशी सैलानियो को आकर्षित करती है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है और लोगों को हमारी संस्कृति जानने का अवसर भी मिलता है। महोत्सव देखने के लिए 25 देशों से विदेशी सैलानियों के आने की उम्मीद है।

29 नवंबर को आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 29 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के तहत मुख्य कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इनका शुभारंभ करने के लिए भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू कुरुक्षेत्र आएंगी। राष्ट्रपति प्रदेश की कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगी। गीता महोत्सव में मुख्य कार्यक्रम 29 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेंगे।

बसों के किराए में 50 फीसदी छूट
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के चलते 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र जाने के लिए 10 जिलों के यात्रियों को राज्य परिवहन की बसों के किराए में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, जींद, कैथल, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सोनीपत और रोहतक जिले के यात्रियों को कुरुक्षेत्र पहुंचने पर बस किराये में छूट प्रदान की गई है।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button