उत्तराखंडदेशराजनीति

उत्तराखंड में 6 नए शहर विकसित करने की योजना

मुख्यमंत्री धामी ने पीएम मोदी से मुलाकात कर दी जानकारी

LP Live, New Delhi: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करके उन्हें राज्य में प्रस्तावित एवं चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने का अनुरोध किया। उन्होंने पीएम मोदी को चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया।

नई दिल्ली में पीएम मोदी के साथ करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक हुई बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने राज्य के विकास से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन लिया और राज्य में चल रही चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस मौके पर उन्होंने पीएम को केदारनाथ और श्री बद्रीनाथ धाम का प्रसाद, गंगा तुलसी, गंगोत्री यमुनोत्री, अलकनंदा और मंदाकिनी का गंगाजल के अलावा रुद्राक्ष की माला भी भेंट की। धामी ने प्रधानमंत्री से आगामी अक्टूबर वनवम्बर 2023 में राज्य में प्रस्तावित इन्वेस्टर समिट के उद्घाटन करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने मानसखण्ड के अन्तर्गत जागेश्वर धाम, आदि कैलाश, पार्वती सरोवर, ओम पर्वत के दर्शन, लोहाघाट में मायावाती आश्रम की यात्रा के साथ ही सीमान्त जनपद पिथौरागढ़ में जनसम्बोधन एवं विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास के लिए आने का भी प्रधानमंत्री जी से आग्रह किया। उन्होंने पीएम मोदी को राज्य में तेजी से हो रहे विकास और किये जा रहे कार्यो तथा अन्य उपलब्धियों की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने राज्य में हवाई सेवाओं के त्वरित विकास हेतु भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय में राज्य से सम्बन्धित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित करने का अनुरोध किया। वहीं देहरादून-पिथौरागढ़-हिण्डन वायु सेवा और देहरादून हल्द्वानी-पिथौरागढ़ अल्मोड़ा हेलीकॉप्टर सेवा के सुचारू संचालन के लिए संबंधित को निर्देशित करने का आग्रह किया।

आधा दर्जन नए शहर विकसित करने की योजना
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में शहरी क्षेत्रों के विकास के अन्तर्गत लगभग 5 से 7 नये शहर विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें प्रथम चरण में उधमसिंह नगर के अन्तर्गत किच्छा में स्थित 2000 एकड़ के पराग फार्म में शहर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए आवास और शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्रालय से 1000 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध भी प्रधानमंत्री से किया। उन्होंने बताया कि इस प्रस्तावित शहर के समीप 200 से 250 एकड़ का नोलेज पार्क तैयार करने का प्रस्ताव है। इस शहर के विकसित होने पर लगभग 7000 करोड़ का निजी निवेश अपेक्षित है, जिसमें 50 हजार लोगों के रोजगार सृजन के साथ ही लगभग दो लाख लोगों की आवासीय व्यवस्था सम्भावित हैं। मुख्यमंत्री ने इस ग्रीन फील्ड सिटी को विकसित करने के लिए अपेक्षित धनराशि अवमुक्त कराने का अनुरोध भी किया।

admin

लोकपथ लाइव वेबसाइड एक न्यूज बेवसाइट है। यहां खबरों के साथ देश के प्रतिभाशाली व्यक्तियों का परिचय भी उनकी उपलब्धियों के साथ कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हमारा मकसद आप तक सच्ची खबरें तथ्यों के साथ पहुंचाना है। लोकपथ लाइव पर अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय सहित विभिन्न राज्यों के जिलों और गांव तक की ताजा खबरें पढ़ सकते हैं। - प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button