

मुख्यमंत्री नायब सैनी, विपक्ष नेता भूपेन्द्र हुड्डा समेत सभी विधायक करेंगे शिरकत
LP Live, New Delhi: हरियाणा विधानसभा के सदस्यों के लिए भी शुक्रवार 14 फरवरी को दो दिवसीय दिशानिर्धारण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे और वह सभी निर्वाचित विधानसभा सदस्यों को संसदीय प्रणाली और अन्य विधायी प्रक्रियाओं की जानकारी देंगे।
हरियाणा विधानसभा सचिवालय के सहयोग से संसदीय लोकतंत्र अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) हरियाणा की 15वीं विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए चंडीगढ़ स्थित विधानमंडल परिसर में इस दो दिवसीय दिशानिर्धारण कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन 14 फरवरी, 2025 को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा राज्य सरकार के मंत्री और विधानसभा के सदस्य भागीदारी करेंगे।
इन विषयों पर दी जाएगी जानकारी
हरियाणा विधानसभा परिसर में इस दो दिवसीय दिशानिर्धारण कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री, संसदीय समितियों के अध्यक्ष, संसद सदस्य और क्षेत्र विशेषज्ञ हरियाणा के विधायको को अहम जानकारी देंगे। इसमें प्रभावी विधायक कैसे बनें: क्या करें और क्या न करें, भारतीय संसद और हरियाणा विधानसभा में विधायी और वित्तीय कार्य, समिति प्रणाली-संसदीय लोकतंत्र की आत्मा, विधानसभाओं में प्रश्नों और अन्य उपकरणों के माध्यम से कार्यकारी जवाबदेही, विधायी प्रक्रियाओं में मंत्रियों की भूमिका और संसदीय विशेषाधिकार और राष्ट्रीय ई-विधान अनुप्रयोग (नेवा) जैसी जानकारी प्रदान की जाएगी।
अरुणाचल विधानसभा से हुई शुरुआत
गौरतलब है कि राज्य विधानसभाओं में इस प्रकार के कार्यक्रमों की शुरुआत 1981 में अरुणाचल प्रदेश विधान सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए पहले दिशानिर्धारण कार्यक्रम के रुप में की गई थी। अब तक संसदीय लोकतंत्र अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) ने राज्यों की विधानसभाओं में 70 दिशानिर्धारण कार्यक्रम आयोजित कर चुका है, जिनमें राज्य विधानसभाओं के 5032 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया है।
